PBKS vs CSK : चेन्नई की सीजन में चौथी हार, मुल्लांपुर में पंजाब 18 रन से जीती
punjabkesari.in Tuesday, Apr 08, 2025 - 11:14 PM (IST)

खेल डैस्क : महेंद्र सिंह धोनी के ताबड़तोड़ 27 रन के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2025 के मुल्लांपुर में खेले गए अहम मुकाबले में पंजाब किंग्स से 18 रनों से हार झेलनी पड़ी। हालांकि धोनी ने आखिरी ओवरों में आकर 12 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 27 रन बनाए लेकिन यह टीम के काम नहीं आ सके। इससे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। पंजाब ने प्रियांश आर्य के 42 गेंदों पर 103 तो शशांक सिंह और मार्को येन्सन की महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 219 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी चेन्नई को ड्वेन कॉनवे के 69 तो शिवम दुबे के 42 रनों का सहयोग जरूर मिला लेकिन आखिरी ओवरों में वह जीत दर्ज करने से चूक गए। यह चेन्नई की सीजन में चौथी हार है।
यह भी पढ़ें: - PBKS vs CSK : टीचर के बेटे प्रियांश आर्य ने IPL में 39 गेंदों पर ठोका शतक, झूम उठी प्रिटी जिंटा
अंक तालिका में पिछड़ी चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स इस हार के साथ ही अंक तालिका में निचली पायदानों पर बरकरार है। चेन्नई ने अब पांच में से चार मुकाबले गंवा दिए हैं। वह सनराइजर्स हैदराबाद के साथ अंक तालिका में बनी हुई है जोकि पांच में से चार मैच गंवा चुकी है। चेन्नई ने मुंबई के खिलाफ पहले मैच में चार विकेट से जीत हासिल की थी। इसके बाद वह बेंगलुरु, राजस्थान, दिल्ली और अब पंजाब से हार चुकी है। वहीं, पंजाब की बात करें तो वह चार मैचों में तीन जीत के साथ अंत तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है। दिल्ली तीन मैचों में तीन जीत के साथ पहले नंबर पर हैं। गुजरात दूसरे तो बेंगलुरु तीसरे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें: - दिग्वेश सिंह राठी : 25 लाख की खरीद, 50% मैच फीस का जुर्माना, सुधरा फिर भी नहीं
पंजाब किंग्स : 219/6 (20 ओवर)
प्रियांश ने पहली गेंद पर छक्का ठोककर पंजाब को तेज शुरूआत दी और 17 रन बना दिए। लेकिन प्रभसिमरन सिंह दूसरे ही ओवर में मुकेश चौधरी का शिकार हो गए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर 9 रन बनाकर खलील अहमद का शिकार हो गए। खलील यही नहीं रुके। उन्होंने मार्कस स्टोइनिस को भी 4 रन पर पवेलियन का राह दिखाया। इस बीच प्रियांश ने 19 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर पंजाब का स्कोर पावरप्ले में भी 75 तक पहुंचा दिया। नेहल वडेहरा जब 8 रन बनाकर अश्विन का शिकार हुए तो उसी ओवर में अश्विन ने ग्लेन मैक्सवेल को भी 1 रन पर आऊट कर दिया। लेकिन यहां प्रियांश ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ शॉट लगाते हुए महज 39 गेंदों पर अपना शतक पूरा कर लिया। उन्होंने 7 चौके और 9 छक्के लगाकर 103 रन बनाए। इसके बाद शशांक सिंह ने मार्को येन्सन के साथ मिलकर पंजाब किंग्स को 200 के पस पहुंचाया। शशांक ने तेजतर्रार शॉट लगाए। शशांक शानदार रहे। उन्होंने 36 गेंदों पर 2 चौके और तीन छक्कों की मदद से 52 तो येन्सन ने 19 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर स्कोर 6 विकेट खोकर 219 तक पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें: - 18 साल में सिर्फ चौथी बार बना यह रिकॉर्ड, अब प्रियांश आर्य ने किया अपने नाम
चेन्नई सुपर किंग्स : 201/5 (20 ओवर)
चेन्नई को रचिन रवींद्र और ड्वेन कॉनवे ने अच्छी शुरूआत दी। रचिन ने 23 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 36 रन बनाए और मैक्सवेल का शिकार हो गए। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ आज कुछ खास नहीं कर पाए और 1 रन बनाकर लॉकी का शिकार हो गए। इसके बाद कॉनवे और शिवम दुबे ने मिलकर टीम का स्कोर 10 ओवर में 91 तक पहुंचाया। दुबे रंग में दिख रहे थे लेकिन 16वें ओवर में उनका विकेट गिर गया। यह लॉकी का पारी में दूसरा विकेट रहा। शिवम ने 27 गेंदों पर 3 चौके और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाए। इस दौरान कॉनवे अर्धशतक पूरा कर एक छोर संभाले हुए थे। धोनी ने दर्शकों का मनोरंजन करते हुए 12 गेंदों पर 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 27 रन बनाए लेकिन तब तक देरी हो चुकी थी। चेन्नई ने यह मुकाबला 18 रन से गंवाया।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स : प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, मार्कस स्टोइनिस, नेहल वढेरा, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, हरप्रीत बराड़, मार्को जेन्सन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
चेन्नई सुपर किंग्स : रचिन रविंद्र, डेवोन कॉनवे, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), विजय शंकर, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, मतीशा पथिराना, खलील अहमद।