IPL मैच के दौरान रील बनाना पड़ा भारी, महिला को लगा 70 हजार रुपए का फटका
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 06:50 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : खचाखच भरे क्रिकेट स्टेडियम में मैच के दौरान रील बनाना एक महिला के लिए महंगा पड़ गया। रील के चक्कर में महिला को छोटा-मोटा नहीं बल्कि 70 हजार रुपए का फटका लग गया। दरअसल एक वायरल ट्रेंड को फिल्माते समय महिला अपनी 70,000 रुपए की अंगूठी खो बैठी। यह वीडियो बाद में मधु प्रिया ने शेयर किया जिन्होंने उस पल को कैमरे में कैद कर लिया।
यह घटना 11 अप्रैल को महाराजा यादवेंद्र सिंह PCA स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक मैच के दौरान हुई, जब सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला पंजाब किंग्स से था। वीडियो बाद में खुद मधु प्रिया ने शेयर किया जिसमें महिला को एक लोकप्रिय “रिंग ट्रेंड” को दोहराने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।
इस ट्रेंड के हिस्से के तौर पर वह रिकॉर्डिंग करते समय अपनी अंगूठी को हवा में उछालने का नाटक करती है। हालांकि यह काम उसकी योजना के मुताबिक नहीं हुआ। अंगूठी को सुरक्षित रूप से पकड़ने के बजाय, उसने गलती से नीचे गिरा देती है। वीडियो में अंगूठी रिकॉर्डिंग के दौरान हाथ से फिसलती हुई दिखाई देती है जिसके बाद महिला साफ तौर पर हैरान-परेशान नजर आती है। इसके बाद उसे अपनी सीट और आस-पास अंगूठी को ढूंढते हुए देखा जा सकता है, ताकि वह अपनी खोई हुई अंगूठी का पता लगा सके।
वीडियो के कैप्शन में लिखा है, '₹70,000 का नुकसान हो गया। अंगूठी अभी भी नहीं मिली है।' महिला ने स्टेडियम में मौजूद सभी से अपील की कि अंगूठी मिल जाए तो उसे वापस लौटाने में मदद करे। कैप्शन में आगे लिखा है, 'अगर स्टेडियम में मौजूद कोई भी व्यक्ति यह वीडियो देख रहा है, तो कृपया हमारी अंगूठी ढूंढने और उसे वापस लौटाने में हमारी मदद करें। हमें DM करें, हम टिकट की जानकारी आपके साथ शेयर कर देंगे।'

