3 गेंद, 3 विकेट; बंगाल प्रो टी20 में भारतीय तेज गेंदबाज ने हैट्रिक लेकर रचा इतिहास
punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 01:25 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बंगाल प्रो टी20 लीग में अपनी घातक गेंदबाजी से एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। सर्वोटेक सिलिगुड़ी स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए शमी ने टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया और अपनी टीम को श्राची राढ़ टाइगर्स पर 24 रन की शानदार जीत दिलाई।
विशाल भाटी की विस्फोटक पारी, सिलिगुड़ी ने बनाए 208 रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए सिलिगुड़ी स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 208 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए विशाल भाटी ने 46 गेंदों में 86 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। करण लाल ने 39 रन का योगदान दिया, जबकि प्रमोद चंदीला ने महज 16 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शमी ने भी अंत में दो गेंदों पर 8 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई राढ़ टाइगर्स
209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्राची राढ़ टाइगर्स की शुरुआत आक्रामक रही। शुभम डे सीनियर ने 25 गेंदों पर 48 रन और राहुल प्रसाद ने 26 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली। हालांकि, लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से टीम बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी और दबाव में आती चली गई।
शमी की हैट्रिक ने पलटा मैच
पारी के 16वें ओवर में मोहम्मद शमी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने चौथी गेंद पर शाहबाज अहमद को आउट कर पहला झटका दिया। अगली ही गेंद पर रोहित कुमार को बाउंसर से फंसाकर डीप स्क्वायर लेग पर कैच कराया। इसके बाद हैट्रिक गेंद पर शमी ने सटीक यॉर्कर फेंकी, जिसे दीपांजन मुखोपाध्याय समझ ही नहीं सके और बोल्ड हो गए। इसी के साथ शमी ने हैट्रिक पूरी कर ली।
4 विकेट लेकर बने जीत के हीरो
शमी ने अपने चार ओवर के स्पेल में 27 रन देकर 4 विकेट झटके और मैच के सबसे बड़े नायक साबित हुए। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत सिलिगुड़ी स्ट्राइकर्स ने 24 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

