एमएस धोनी फिर बने कप्तान, जानें कैसा रहा है सीजन में उनका प्रदर्शन
punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 07:55 PM (IST)

खेल डैस्क : रुतुराज गायकवाड़ के चोट के कारण आईपीएल 2025 से हटते ही एमएस धोनी के हाथ एक बार फिर से चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी आ गई है। धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं, हालांकि उनकी भूमिका अब पहले जैसी फिनिशर की नहीं रही, बल्कि वे निचले क्रम में छोटी, प्रभावशाली पारियां खेल रहे हैं। धोनी को 4 करोड़ रुपए में अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया गया था। 2024 में उनके शानदार प्रदर्शन (161 रन, 220.54 स्ट्राइक रेट) के बाद 2025 में उनसे उम्मीदें थीं, लेकिन अब तक सीएसके ने केवल 1 जीत (मुंबई इंडियंस के खिलाफ) हासिल की है और 3-4 हार झेली हैं। फैंस और विशेषज्ञों का मानना है कि टॉप ऑर्डर की नाकामी के कारण धोनी पर दबाव बढ़ रहा है। इस बतौर कप्तान धोनी ही सही कर सकते हैं। रुतुराज खुद ही तीन पारियों में सिंगल डिजिट में आऊट हुए हैं। ऐसे में वह खुद इस समस्या से निपटने में नाकाम हो रहे हैं।
आईपीएल 2025 में धोनी
0* (0 गेंदें) - मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ, जीते।
30* (16 गेंदें) - रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ, हार।
16 (11 गेंदें) - राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ, हार।
30* (26 गेंदें) - दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ, हार।
27 (12 गेंदें) - पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ, हार।
धोनी 5 मैचों में 103 रन बना चुके हैं। वह तीन बार नाबाद पवेलियन लौटे जिस कारण उनकी औसत 51 बनी हुई है।
इसलिए सीएसके की पसंद है धोनी
43 साल की उम्र में भी धोनी की विकेटकीपिंग शानदार रही है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में एक सटीक डीआरएस कॉल के साथ सबको प्रभावित किया, जिससे मिचेल सैंटनर आउट हुए। उनकी स्टंपिंग और कैच की क्षमता अभी भी बेजोड़ है। धोनी ज्यादातर 7वें या 9वें नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। सीएसके कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि धोनी के घुटनों की स्थिति के कारण वे लंबी पारी नहीं खेल सकते, इसलिए वे अंतिम ओवरों में आकर तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं। हालांकि, टीम बड़े लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही, और धोनी अकेले मैच नहीं जिता पाए। उनकी पारियों ने हार के अंतर को कम किया, लेकिन जीत में योगदान सीमित रहा। वैसे भी चेन्नई को वह पांच खिताब दिला चुके हैं। ऐसे में उनका अनुभव चेन्नई के काम आ सकता है।
🚨 News 🚨
— IndianPremierLeague (@IPL) April 10, 2025
🗣 #CSK Head Coach Stephen Fleming announces MS Dhoni's return to captaincy as Ruturaj Gaikwad is ruled out of #TATAIPL 2025 due to an injury. pic.twitter.com/Far8uAleam
कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने जताया धोनी पर विश्वास
सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि रूतुराज गायकवाड़ कोहनी के फ्रेक्चर के कारण आईपीएल से बाहर हो गए हैं। हमारे पास एक ‘अनकैप्ड' खिलाड़ी हैं, धोनी बचे हुए आईपीएल सत्र में टीम के कप्तान होंगे। धोनी ने 2008 से 2023 तक सीएसके की अगुआई की थी और टीम को पांच आईपीएल खिताब दिलाए थे। उन्होंने 2024 सत्र से पहले गायकवाड़ को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी थी। गायकवाड़ को 30 मार्च को जोफ्रा आर्चर की शॉर्ट गेंद पर चोट लगी थी और तब से उन्होंने दो मैच खेले हैं। फ्लेमिंग ने कहा कि उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में चोट लगी थी। वह दर्द के बावजूद खेल रहा था। हमने ‘एक्स रे' कराया। फिर हमने एमआरआई करवाया जिसमें उनकी कोहनी में फ्रेक्चर का पता चला। गायकवाड़ दर्द के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में खेले। उनके हाथ में सूजन कम होने के बाद ही सीएसके की मेडिकल टीम एमआरआई करवा पाई।