दक्षिण अफ्रीका में मेरे खेलने के अनुभव से युवा खिलाड़ियों को फायदा होगा : राशिद खान
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 05:35 PM (IST)
अहमदाबाद : अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग एसए20 में खेलने के अनुभव से उन्हें वहां के खिलाड़ियों को अच्छी तरह समझने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि उनकी इस जानकारी का टीम के युवा खिलाड़ियों को फायदा होगा। राशिद पिछले चार सत्र से एसए20 लगातार खेल रहे हैं। वह आईसीसी के इस बड़े टूर्नामेंट से पहले दक्षिण अफ्रीका में एक महीना बिताकर आ रहे हैं। उन्होंने एसए20 में एमआई केपटाउन का प्रतिनिधित्व किया था।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले राशिद ने कहा, 'इस तरह का अनुभव टीम के साथ जानकारी साझा करने में मदद करता है। मैं लंबे समय से खेल रहा हूं और लगभग सभी दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के साथ खेल चुका हूं। '' उन्होंने कहा, ''इससे उन युवा खिलाड़ियों को फायदा मिलता है, जिन्होंने अभी ज्यादा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। उन्हें समझ आता है कि सामने वाली टीम का सोचने का तरीका क्या होता है।' उन्होंने आगे कहा, 'दक्षिण अफ्रीका में एक महीना बिताकर जो जानकारी मिलती है, वह राष्ट्रीय टीम के साथ साझा करने पर युवा खिलाड़ियों के लिए काफी मददगार साबित होती है।'
राशिद ने कहा कि भारतीय परिस्थितियों में खेलने का अनुभव होने के कारण अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमों बराबर फायदा होगा। उन्होंने कहा, 'अनुभव जरूर मदद करता है, लेकिन फिर भी कोई नहीं जानता कि मैच के दिन पिच का रवैया कैसा रहेगा। आईपीएल अलग होता है और आईसीसी टूर्नामेंट अलग। जब आप देश के लिए खेलते हैं तो दबाव भी ज्यादा होता है। सच कहूं तो मैच से पहले कोई भी यह नहीं बता सकता कि पिच कैसी होगी। सभी टीमें यहां की परिस्थितियों को जानती हैं, इसलिए यह फायदा सिर्फ हमें ही नहीं, सबको बराबर है।'
इस 27 साल के खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि उनके तेज गेंदबाज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चेन्नई में खेले गए मैच में, मुजीब उर रहमान ने अच्छी गेंदबाजी की थी, लेकिन तेज गेंदबाज उस दबाव को बनाए नहीं रख पाए थे। न्यूजीलैंड ने उस मैच को पांच विकेट से जीता था। राशिद ने कहा, 'हमारी लाइन और लेंथ में कमी रही। खासकर पावरप्ले में हमने बल्लेबाजों को खुलकर शॉट खेलने का मौका दिया। मुजीब ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन तेज गेंदबाजों ने रन दे दिए। उस समय हम और कसी हुई गेंदबाजी कर सकते थे। कुल मिलाकर हमने लाइन और लेंथ में गलती की।'

