वानिंदु हसरंगा बाहर, LSG ने दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर को किया टीम में शामिल
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 08:36 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे को वानिंदु हसरंगा की जगह टीम में शामिल किया है। हसरंगा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से बाहर हो गए हैं। LSG ने नीलामी में हसरंगा को 2 करोड़ रुपए में खरीदा था, लेकिन ICC पुरुष T20 विश्व कप 2026 के श्रीलंका के पहले मैच में लगी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा।
लिंडे, जो बाएं हाथ के बैटिंग ऑलराउंडर हैं और धीमी गति से बाएं हाथ की ऑर्थोडॉक्स गेंदबाजी करते हैं, उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 3 टेस्ट, 4 वनडे और 37 T20I मैच खेले हैं। टी20 इंटरनेशन में लिंडे ने 403 रन बनाए हैं और 35 विकेट लिए हैं। उनके पास क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट का काफी अनुभव है क्योंकि उन्होंने 250 T20 मैच खेले हैं। यह IPL में उनका पहला मौका होगा। वह 1 करोड़ रुपए की अपनी रिजर्व कीमत पर LSG में शामिल होंगे।
LSG के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने गुरुवार को ईडन गार्डन्स में मैच के दौरान कहा था, 'हम इस बात के लिए तैयार हैं कि वह हमारे साथ शामिल नहीं हो पाएंगे। हम उनकी जगह किसी और खिलाड़ी की तलाश कर रहे हैं, जिसकी घोषणा 24-48 घंटों में कर दी जाएगी।' इस मैच में LSG ने आखिरी गेंद पर तीन विकेट से जीत हासिल की थी।

