ब्रेंडन मैक्कलम की छुट्टी के बाद बड़ा दावा, पूर्व भारतीय क्रिकेटर बन सकता है इंग्लैंड का नया टेस्ट कोच
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 10:49 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने टेस्ट टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैक्कलम को पद से हटाने के बाद नए कोच की तलाश तेज कर दी है। इसी बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत के पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी इस हाई-प्रोफाइल पद के दावेदारों में शामिल हैं। अगर ऐसा होता है तो भारतीय क्रिकेट के दिग्गज द्रविड़ पहली बार किसी विदेशी राष्ट्रीय टीम की कमान संभालते नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट में राहुल द्रविड़ का नाम सबसे चर्चित
डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, ECB टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच के लिए कई बड़े नामों पर विचार कर रहा है। इनमें राहुल द्रविड़ के अलावा एंडी फ्लावर और इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर रिचर्ड डॉसन भी शामिल हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि द्रविड़ फिलहाल फुल-टाइम कोचिंग की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते, लेकिन सिर्फ टेस्ट टीम की कोचिंग उन्हें पर्याप्त समय और संतुलन दे सकती है।
द्रविड़ के पास है बड़ा कोचिंग अनुभव
राहुल द्रविड़ के कोच रहते भारत ने 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल तक का सफर तय किया था। वहीं मौजूदा WTC चक्र में इंग्लैंड सातवें स्थान पर है और फाइनल में पहुंचने की उसकी उम्मीदें बेहद कमजोर हैं। ऐसे में ECB एक अनुभवी और अनुशासित कोच की तलाश में है, जो टीम को दोबारा टेस्ट क्रिकेट में मजबूत बना सके।
दौड़ में एंडी फ्लावर, संगकारा और लैंगर जैसे दिग्गज भी
द्रविड़ के अलावा एंडी फ्लावर भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। फ्लावर पहले इंग्लैंड को तीन लगातार एशेज सीरीज जिताने के साथ टेस्ट में नंबर-1 टीम बना चुके हैं। हाल ही में उन्होंने RCB को लगातार दो IPL खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा कुमार संगकारा, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, माइक हेसन और जस्टिन लैंगर के नाम भी चर्चा में हैं। वहीं रिचर्ड डॉसन ने ग्लैमॉर्गन और इंग्लैंड लायंस के साथ शानदार कोचिंग रिकॉर्ड बनाया है।
पाकिस्तान सीरीज से पहले नए कोच का फैसला संभव
ब्रेंडन मैक्कलम अब टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं होंगे, लेकिन वह इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे। ECB अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले नए कोच की नियुक्ति करना चाहता है। यह सीरीज 19 अगस्त से लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर शुरू होगी, जिसके बाद इंग्लैंड का फोकस घरेलू एशेज सीरीज पर रहेगा।

