इंग्लैंड दौरे पर भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान होंगी रानी

punjabkesari.in Friday, Sep 13, 2019 - 12:45 PM (IST)

नई दिल्ली : स्टार फारवर्ड रानी रामपाल को शुक्रवार को 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान बनाया गया जो 27 सितंबर से मारलो में शुरू हो रही पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड से भिड़ेगी। सीरीज 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खेल जाएगी और गोलकीपर सविता उप कप्तान होंगी। हाल में जापान में ओलंपिक टेस्ट प्रतियोगिता में टीम की जीत के बाद सविता और रजनी इतिमारपू ने टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का, गुरजीत कौर, रीना खोखर और सलीमा टेटे को भी टीम में रखा गया है।

हॉकी इंडिया ने बयान में कहा कि मिडफील्ड में अनुभवी नमिता टोप्पो की वापसी हुई है जो चोट के कारण बाहर थी। भारतीय मिडफील्ड में अनुभवी खिलाड़ी सुशीला चानू पुखराम्बाम, निक्की प्रधान, मोनिका, नेहा गोयल और लिलिमा मिंज शामिल है। मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ‘हमारी टीम में खिलाड़ियों का संतुलन पिछले टूर्नामेंट की तरह ही है क्योंकि हम तोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए क्वालीफाई करने के अहम चरण में हैं।' उन्होंने कहा कि दौरे से टीम को ओड़िशा में होने वाले एफआईएच हाकी ओलंपिक क्वालीफायर में अमेरिका से भिड़ने की तैयारी में मदद मिलेगी।

भारतीय टीम इस प्रकार है :

गोलकीपर : सविता (उप कप्तान), रजनी इतिमारपू

डिफेंडर : दीप ग्रेस एक्का, गुरजीत कौर, रीना खोखर, सलीमा टेटे

मिडफील्डर : सुशीला चानू पुखराम्बाम, निक्की प्रधान, मोनिका, नेहा गोयल, लिलिमा मिंज, नमिता टोप्पो

फारवर्ड : रानी रामपाल (कप्तान), वंदना कटारिया, नवनीत कौर, लालरेमसियामी, नवजोत कौर, शर्मिला देवी 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sanjeev

Recommended News

Related News