कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेटे नरिंदर सिंह के लिए आई खुशखबरी, बने अध्यक्ष

punjabkesari.in Saturday, Sep 18, 2021 - 08:41 PM (IST)

मोहाली : अनुभवी प्रशासक रनिंदर सिंह को फिर से चौथी बार भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) का अध्यक्ष चुना गया जिन्होंने यहां चुनावों में बसपा सांसद श्याम सिंह यादव को 56-3 मत से हराया। कुंवर सुल्तान सिंह को निर्विरोध राष्ट्रीय संस्था का महासचिव चुना गया जबकि रणदीप मान को कोषाध्यक्ष बनाया गया। महासंघ के आठ उपाध्यक्षों के अलावा ओडिशा के सांसद कालीकेश नारायण सिंह देव सीनियर उपाध्यक्ष बने रहेंगे। पवन कुमार सिंह भी शेला कानुंगो के साथ शीर्ष संस्था के संयुक्त सचिव बने रहेंगे। दोनों को निर्विरोध चुना गया।

चुनावों में एनआरएआई के 59 सदस्यों ने प्रतिनिधित्व किया जिसमें से 56 ने रनिंदर के पक्ष में जबकि तीन ने उनके प्रतिद्वंद्वी यादव के पक्ष में मत दिये जो उत्तर प्रदेश राइफल संघ के अध्यक्ष हैं। एनआरएआई ने दिल्ली उच्च न्यायालय में यादव द्वारा दायर याचिका के बाद खेल मंत्रालय के नए सिरे से चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश के बावजूद चुनाव कराने का फैसला किया। यादव उत्तर प्रदेश के जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के सांसद हैं। एनआरएआई ने चुनाव निर्धारित समय पर कराने का फैसला इसलिए कायम रखा क्योंकि उच्च न्यायालय से अभी इस पर कोई ‘स्टे ऑर्डर’ नहीं मिला था। यह मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में लंबित है और सुनवाई की अगली तारीख दिसंबर है।

चुनाव आईएस बिंद्रा स्टेडियम में कराए गए। अपनी याचिका में यादव ने चुनावों के लिये मेहताब सिंह गिल को चुनाव अधिकारी नियुक्त किये जाने में ‘हितों के स्पष्ट टकराव’ का हवाला दिया है। यादव ने रनिंदर के कार्यकाल को लेकर भी आपत्ति उठाई थी लेकिन मंत्रालय ने पाया कि वह फिर से चुनाव लड़ सकते हैं। खेल संहिता के अनुसार, ‘भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) सहित किसी भी एनएसएफ (राष्ट्रीय खेल महासंघ) का अध्यक्ष अधिकतम 12 साल तक अपने पद पर रह सकता है। इस आधार पर रनिंदर की उम्मीद्वारी वैध है क्योंकि वह 2022 के आखिर में 12 साल पूरा करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News