महिला वर्ल्ड कप जीत की हीरो को मिला बड़ा सम्मान, साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी बनीं
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 12:20 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को वर्ष 2025 के लिए ‘BBC इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर’ चुना गया है। यह सम्मान उन्हें महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाने के लिए दिया गया। सोमवार को आयोजित भव्य समारोह में देश की कई महिला खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
वीडियो संदेश के जरिए जताया आभार
इस समय स्मृति मंधाना भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं, जहां टीम मल्टी-फॉर्मेट सीरीज खेल रही है। उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से BBC का धन्यवाद करते हुए कहा कि 2025 महिला क्रिकेट के लिए बेहद खास साल रहा और टीम की सफलता में योगदान देना उनके लिए गर्व की बात है।
करियर में लगातार नए कीर्तिमान
29 वर्षीय बाएं हाथ की बल्लेबाज स्मृति मंधाना महिला क्रिकेट की सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार हैं। महिला वनडे इंटरनेशनल में दूसरे सबसे ज्यादा शतक, मौजूदा खिलाड़ियों में कुल रन के मामले में दुनिया की तीसरे नंबर की बल्लेबाज, महाराष्ट्र के सांगली में जन्मी स्मृति को क्रिकेट की प्रेरणा उनके पिता और भाई से मिली, जो जिला स्तर पर क्रिकेट खेल चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
सितंबर 2025 में स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महज 50 गेंदों में शतक जड़ दिया था। यह 50 ओवर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी भारतीय (पुरुष या महिला) द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक था। इस पारी के साथ उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
अन्य खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
युवा शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख को ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर’,पैरा एथलीट प्रीति पाल को ‘पैरा स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर’,पूर्व निशानेबाज अंजली भागवत को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’, विजेताओं का चयन लिएंडर पेस, दीपा मलिक और अंजू बॉबी जॉर्ज सहित प्रतिष्ठित जूरी द्वारा किया गया।

