सूर्यकुमार का जर्मनी में हुआ ऑपरेशन, तीन साल में तीसरा, जल्द शुरू करेंगे रिहैब

punjabkesari.in Thursday, Jun 26, 2025 - 01:04 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का जर्मनी के म्युनिख में पेट के दायें तरफ खेल हर्निया का सफल ऑपरेशन हुआ। 34 वर्ष के सूर्यकुमार ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया हैंडिल पर लिखा, ‘लाइफ अपडेट : पेट के निचले दाएं तरफ खेल हर्निया की सर्जरी हो गई है। यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सफल ऑपरेशन के बाद अब मैं रिकवरी की राह पर हूं।' 

खेल हर्निया कमर या पेट के निचले हिस्से में नरम ऊतकों की चोट है जिसमें अक्सर मांसपेशियां, कंडराएं या स्नायुबंधन शामिल होते हैं। जर्मनी में सर्जरी के बाद सूर्यकुमार बेंगलुरू में बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र पर रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे। भारत को अगस्त में बांग्लादेश दौरे पर तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने हैं। सूर्यकुमार ने 2023 विश्व कप फाइनल के बाद से 50 ओवरों के प्रारूप में नहीं खेला है। यह तीन साल में सूर्यकुमार का तीसरा ऑपरेशन था। इससे पहले 2023 में उनके टखने का आपरेशन हुआ था और 2024 में खेल हर्निया की भी सर्जरी हुई थी। 

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यकुमार 2025 सत्र में ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट' रहे थे। उन्होंने 717 रन बनाए हालांकि मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में दूसरे क्वालीफायर में पंजाब किंग्स ने हराया। मुंबई टी20 लीग में सूर्यकुमार ने ट्रायंफ नाइट्स मुंबई नॉर्थईस्ट की कप्तानी की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News