T20 WC : भारत के खिलाफ बॉयकॉट की धमकी के बीच पाकिस्तानी कप्तान का बयान आया सामने
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 05:35 PM (IST)
कोलंबो : पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने अपने क्रिकेट बोर्ड के रुख को बरकरार रखते हुए इस बात पर जोर दिया कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार करने का फैसला उनकी सरकार ने लिया था और यह उनके नियंत्रण में नहीं था। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी को यहां होने वाले अपने बहुप्रतीक्षित पुरुषों के टी20 विश्व कप ग्रुप लीग मैच का रविवार को बहिष्कार करने की घोषणा की। हालांकि पाकिस्तानी सरकार ने सात फरवरी से शुरू होने वाली प्रतियोगिता में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी।
सलमान ने कप्तानों की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, 'भारत का मैच हमारे नियंत्रण में नहीं है। यह सरकार और PCB का फैसला है और हम इसका सम्मान करते हैं। वे जो भी कहेंगे, हम वही करेंगे।' टी20 विश्व कप शनिवार को भारत और श्रीलंका के अलग-अलग स्टेडियम में शुरू होगा। सलमान ने कहा कि अगर दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी नॉकआउट में फिर आमने-सामने होते हैं तो वे फिर से पाकिस्तान सरकार द्वारा लिए गए फैसले का पालन करेंगे। सलमान ने कहा, 'अगर हमें सेमीफाइनल या फाइनल में उनके साथ फिर से खेलना पड़ा तो हमें उनके (सरकार के) पास वापस जाना होगा और उनकी सलाह पर काम करना होगा।'
आधिकारिक सरकारी बयान के माध्यम से बताया गया पाकिस्तान का यह फैसला टूर्नामेंट से बांग्लादेश को हटाने के खिलाफ एक राजनीतिक विरोध है। ICC (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ने सुरक्षा कारणों से मुकाबलों को भारत से श्रीलंका में स्थानांतरित करने के बांग्लादेश के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था। यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान को अमेरिका और वेस्टइंडीज में हुए टूर्नामेंट के पिछले सत्र में कमजोर मानी जाने वाली अमेरिकी टीम के खिलाफ पाकिस्तान की हार के बारे में भी याद दिलाया गया।
सलमान ने कहा, 'हां, हम पिछले विश्व कप में अमेरिका से हार गए थे लेकिन अब वह इतिहास है। यह एक नया विश्व कप है। एक नई टीम और एक नया संयोजन है और हम इसके बारे में बहुत उत्साहित हैं।' उन्होंने कहा, 'यह कप्तान के तौर पर मेरा पहला विश्व कप है और मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं।' सलमान ने कहा, 'एक कप्तान के तौर पर मैं बस आगे बढ़कर अगुआई करना चाहता हूं और टीम के लिए जितना हो सके उतना करना चाहता हूं। टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाना चाहता हूं और ऐसा माहौल बनाना चाहता हूं जहां वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।'

