T20 World Cup 2026 : मेजबान टीम को झटका, स्टार ऑलराउंडर पूरे टूर्नामेंट से बाहर

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 05:38 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : T20 वर्ल्ड कप 2026 के सह-मेज़बान श्रीलंका को करारा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा को हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते टूर्नामेंट के बचे हुए मुकाबलों से बाहर कर दिया गया है। यह चोट उन्हें आयरलैंड के खिलाफ श्रीलंका के अभियान के पहले ही मैच में लगी थी।

आयरलैंड मैच में लगी थी चोट, फिर भी झोंका पूरा दम

कोलंबो में खेले गए मुकाबले में हसरंगा ने चोट के बावजूद अपना चार ओवर का स्पेल पूरा किया था। उन्होंने 3/25 के शानदार आंकड़ों के साथ आयरलैंड की 164 रन की चुनौती को रोकने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, मैच के बाद उनकी चोट गंभीर साबित हुई और आगे खेलना संभव नहीं रहा।

MRI रिपोर्ट के बाद हुआ बड़ा फैसला

9 फरवरी को कराए गए MRI स्कैन में हसरंगा की बाईं हैमस्ट्रिंग में गंभीर खिंचाव (टियर) की पुष्टि हुई। रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के लिए इसे ब्रिटेन के एक विशेषज्ञ को भी भेजा गया, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया गया।श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड अब उनकी जगह लेग-स्पिनिंग ऑलराउंडर दुशन हेमंथा को टीम में शामिल कर सकता है।

आगे के मुकाबलों में हसरंगा की कमी खलेगी

हसरंगा के बाहर होने से श्रीलंका को अपने ग्रुप स्टेज मुकाबलों में बड़ा संतुलन खोना पड़ेगा। टीम अब 12 फरवरी को पल्लेकेले में ओमान, 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और फिर 19 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। इन अहम मुकाबलों में श्रीलंका को अपने प्रमुख स्पिनर के बिना उतरना होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News