T20 World Cup : अगर वेस्टइंडीज संग मैच बारिश से धुला तो बाहर हो जाएगी भारतीय टीम? जानें समीकरण

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 02:05 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रन की शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। हालांकि सुपर-8 चरण में साउथ अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद अब हर मुकाबला करो या मरो जैसा हो गया है। 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मैच भारत के लिए निर्णायक साबित होगा। लेकिन अगर बारिश ने खेल बिगाड़ दिया तो समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की दमदार वापसी

साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जबरदस्त वापसी की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओपनर Abhishek Sharma ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक जड़ा। वहीं Hardik Pandya ने महज 23 गेंदों में फिफ्टी ठोककर पारी को तेज रफ्तार दी। जवाब में जिम्बाब्वे की ओर से Brian Bennett ने नाबाद 97 रन बनाए, लेकिन टीम 184 रन पर सिमट गई। इस जीत से भारत को दो अहम अंक मिले, जबकि जिम्बाब्वे टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

सेमीफाइनल का सीधा गणित

सुपर-8 ग्रुप में भारत और वेस्टइंडीज दोनों के दो-दो अंक हैं।
दोनों एक-एक मुकाबला हार चुके हैं। 
अब 1 मार्च को दोनों टीमों के बीच होने वाला मैच ही तय करेगा कि सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा।
सरल शब्दों में कहें तो जो टीम यह मुकाबला जीतेगी, वह सीधे अंतिम चार में जगह बना लेगी। 
ऐसे में यह मैच एक तरह से नॉकआउट मुकाबला बन चुका है।

बारिश बनी सबसे बड़ी चिंता

भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाएगा। मौसम को लेकर आशंका बनी हुई है। अगर बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता है और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलता है, तो स्थिति भारत के लिए मुश्किल हो सकती है।

वर्तमान नेट रन रेट (NRR) के आधार पर वेस्टइंडीज +1.79 के साथ भारत से आगे है, जबकि भारत का NRR -0.10 है। ऐसे में अगर मैच धुल जाता है तो वेस्टइंडीज बेहतर NRR के कारण सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और भारत बाहर हो सकता है।

भारत के लिए क्या है रास्ता?

टीम इंडिया के पास स्पष्ट विकल्प है वेस्टइंडीज को हर हाल में हराना। जीत के साथ भारत को न सिर्फ दो अंक मिलेंगे, बल्कि वह नेट रन रेट की चिंता से भी मुक्त हो जाएगा। हालांकि यदि बारिश की संभावना बढ़ती है, तो टीम मैनेजमेंट और फैंस दोनों की धड़कनें तेज रहेंगी। टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए अब किस्मत से ज्यादा प्रदर्शन और मौसम का साथ जरूरी हो गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News