IND vs ENG: भारत के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, पहली बार 100+ रन से हारी टीम इंडिया

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 10:36 AM (IST)

नॉटिंघम: इंग्लैंड ने ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारत को 125 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 201/7 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 76 रन पर सिमट गई। यह भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास की सबसे बड़ी हार साबित हुई और इसके साथ ही टीम ने 282वें टी20I मैच में पहली बार 100 से अधिक रन के अंतर से हार का शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

20 साल में पहली बार भारत के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लगभग दो दशक लंबे इतिहास में यह पहली बार है जब भारतीय टीम 100 से ज्यादा रन के अंतर से कोई मुकाबला हारी है। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी हार 80 रन की थी, जब न्यूजीलैंड ने 2019 में वेलिंगटन में हराया था। टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम का प्रदर्शन लगातार गिरा है और पिछले पांच मैचों में उसे चार हार का सामना करना पड़ा है।

भारत की टी20 इतिहास की सबसे बड़ी हार

ट्रेंट ब्रिज की हार ने भारत के सबसे बड़े टी20 हार के रिकॉर्ड को पूरी तरह बदल दिया। अब भारत की सबसे बड़ी हार 125 रन से इंग्लैंड के खिलाफ दर्ज हो गई है। इससे पहले 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रन, 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन और 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 51 रन की हार सबसे बड़ी पराजयों में शामिल थीं।

भारत की सबसे बड़ी टी20 हार (रनों के अंतर से):

125 रन बनाम इंग्लैंड, नॉटिंघम (2026)
80 रन बनाम न्यूजीलैंड, वेलिंगटन (2019)
76 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, अहमदाबाद (2026)
51 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, न्यू चंडीगढ़ (2025)
50 रन बनाम न्यूजीलैंड, विशाखापत्तनम (2026)
इंग्लैंड ने भी बनाया खास रिकॉर्ड

यह इंग्लैंड की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांचवीं ऐसी जीत रही, जिसमें उसने विपक्षी टीम को 100 या उससे अधिक रन से हराया। इससे पहले इंग्लैंड दक्षिण अफ्रीका (146 रन), वेस्टइंडीज (137 रन), अफगानिस्तान (116 रन) और ऑस्ट्रेलिया (100 रन) को भी इतने बड़े अंतर से मात दे चुका है। हालांकि टी20I इतिहास में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के नाम है, जिसने 2024 में गाम्बिया को 290 रन से हराया था।

भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह रही फ्लॉप

201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन 13-13 रन बनाकर संयुक्त रूप से टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल ने 10-10 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने तीन और जोश टंग ने चार विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में यह भारत की चौथी हार भी रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News