टी20 वर्ल्ड कप : सोशल मीडिया पर विराट कोहली का पोस्ट वायरल, संजू सैमसन के लिए लिखा खास संदेश

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 05:15 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की जमकर तारीफ की। कोहली का सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने सैमसन के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। संजू सैमसन को पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था।

खराब फॉर्म के बीच टीम में मिली थी जगह

संजू सैमसन को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तब मौका मिला, जब टॉप ऑर्डर उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना पा रहा था। अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म के कारण टीम में बदलाव किया गया और सैमसन को मौका मिला। इसके बाद सैमसन ने लगातार तीन मैचों में अर्धशतक लगाकर भारत को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।

लगातार तीसरी बार अर्धशतक, बने टीम के हीरो

संजू सैमसन इस टूर्नामेंट में भारत के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के ‘करो या मरो’ मुकाबले में नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। इसके बाद मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जिससे भारत ने 253/7 का विशाल स्कोर बनाया और मुकाबला सात रन से जीत लिया।

फाइनल में भी चमका सैमसन का बल्ला

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भी संजू सैमसन का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने 89 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को बड़ा स्कोर बनाने में मदद की। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। इसके साथ ही भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गया।

विराट कोहली का पोस्ट हुआ वायरल

भारत की जीत के बाद विराट कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर संजू सैमसन के लिए खास संदेश लिखा। कोहली ने लिखा, 'सबसे योग्य ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ का शानदार प्रदर्शन। आपने सही समय पर कमाल किया। आपके लिए बहुत खुश हूं, चेट्टा।'

टीम इंडिया की आक्रामक क्रिकेट शैली पर बोले गंभीर

फाइनल जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर ने टीम की नई सोच और आक्रामक क्रिकेट की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ टीम को संभालना नहीं बल्कि एक अलग पहचान बनाना था। गंभीर ने कहा, 'यह सिर्फ टीम को विरासत में लेना नहीं है, बल्कि कुछ नया बनाना भी है। मैं चाहता था कि टीम ऐसी क्रिकेट खेले कि लोग कहें यह टीम लगातार ज्यादा रन बनाती है, बेहतर गेंदबाजी करती है और बिना हार के डर के खेलती है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News