भारत वर्ल्ड चैंपियन बना तो पाक खिलाड़ी ने अपनी ही टीम को लताड़ा, कहा – हम तो केन्या और युगांडा को हराकर खुश हो जाते हैं
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 12:38 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और न्यूजीलैंड को 159 रन पर समेट दिया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने अपने ही देश की क्रिकेट व्यवस्था पर तीखा हमला बोला और भारतीय क्रिकेट सिस्टम की खुलकर तारीफ की।
पाकिस्तान के सिस्टम पर शहजाद का बड़ा हमला
अहमद शहजाद ने कहा कि पाकिस्तान में टैलेंट की कमी नहीं है, लेकिन समस्या सिस्टम में है। उन्होंने कहा कि भारत के पास टैलेंट के साथ-साथ मजबूत सिस्टम भी है, जिसकी वजह से लगातार नए खिलाड़ी सामने आ रहे हैं और बड़े मंच पर प्रदर्शन कर रहे हैं। शहजाद ने उदाहरण देते हुए कहा कि संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी, जिन्हें पहले ज्यादा मौके नहीं मिलते थे, उन्होंने वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि संजू सैमसन को पहले टीम में ज्यादा मौके नहीं मिलते थे, लेकिन इस टूर्नामेंट में वह मैन ऑफ द सीरीज बने। वहीं ईशान किशन ने भी घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन करके टीम में वापसी की और अहम योगदान दिया।
अभिषेक शर्मा की पारी की भी तारीफ
अहमद शहजाद ने भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में अभिषेक पर काफी दबाव था, लेकिन उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
पाकिस्तान टीम पर कसा तंज
भारतीय टीम की तारीफ करते हुए शहजाद ने पाकिस्तान टीम पर तंज कसते हुए कहा कि भारत बड़ी टीमों के खिलाफ बड़ी सीरीज खेलता है, जबकि पाकिस्तान छोटी टीमों को हराकर खुश हो जाता है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अक्सर जिम्बाब्वे, केन्या और युगांडा जैसी टीमों को हराकर जश्न मनाया जाता है, जबकि असली चुनौती बड़ी टीमों के खिलाफ खेलने में होती है।
“भारत 250 बनाता है, पाकिस्तान 180 पर खुश हो जाता”
शहजाद ने भारत और पाकिस्तान की सोच के अंतर को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का लक्ष्य बड़े स्कोर बनाना होता है। भारत ने फाइनल में 250 से ज्यादा रन बनाने का लक्ष्य रखा और उसी के अनुसार बल्लेबाजी की। इसके विपरीत पाकिस्तान की टीम 180 रन बनाकर संतुष्ट हो जाती और फिर गेंदबाजों से मैच बचाने की उम्मीद करती।
आईसीसी से अलग रैंकिंग की मांग
अहमद शहजाद ने मजाकिया अंदाज में कहा कि आईसीसी को पाकिस्तान के लिए अलग रैंकिंग बना देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की रैंकिंग जिम्बाब्वे, केन्या और युगांडा जैसी टीमों के साथ होनी चाहिए, क्योंकि टीम अक्सर उन्हीं के खिलाफ खेलकर खुश हो जाती है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

