महिला दिवस 2022 : खेलों में भारत की 5 सुपरस्टार खिलाड़ी जिन्होंने रिकॉर्ड तोड़े
punjabkesari.in Tuesday, Mar 08, 2022 - 05:03 PM (IST)

खेल डैस्क : भारतीय खेल इतिहास में महिलाएं तेजी से बढ़ी उपलब्धियां हासिल कर ली हैं। पुरुष प्रधान माने जाने वाले शूटिंग, कुश्ती जैसे खेलों में महिलाएं तेजी से आगे आ अपना नाम चमका रही हैं। इस महिला दिवस पर जानिए उन पांचों महिलाओं को जिन्होंने देश की प्रत्येक नारी को अपना सिर गर्व से ऊंचा करने का जरिया दिया है।
वंदना कटारिया : ओलिम्पिक की भारतीय हॉकी स्टार
भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलिम्पिक के दौरान हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हैट्रिक लगाई। ओलिम्पिक के 125 साल के इतिहास में हैट्रिक लगााने वाली वंदना पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।
स्मृति मंधाना : साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर
स्मृति मंधाना के आईसीसी ने 2021 की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना। 2013 में 150 गेंदों पर 224 रन बनाकर स्मृति वनडे में दोहरा शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी थी। उन्हें भारतीय टीम का आगामी कप्तान माना जा रहा है।
गनीमत सेंखों : शूटिंग विश्व कप में पहली पदक विजेता
गनीमत शूटिंग विश्व कप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बन गई हैं। 20 साल की सेखों ने आईएसएएफ विश्व कप में स्कीट स्पार्धा में कांस्य पदक जीता। 2018 में जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय स्कीट निशानेबाज बनी थी।
शेफाली वर्मा : टी-20 क्रिकेट में टॉप रैंकिंग में शामिल
शेफाली वर्मा भारतीय टी-20 टीम की सबसे कम उम्र की महिला क्रिकेटर बनी। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 30 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा। उन्होंने सचिन का 16 साल की उम्र में पहला अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ा। वह टी-20 विश्व रैंकिंग की टॉप खिलाडिय़ों में से एक हैं।
पीवी सिंधु : ओलिम्पिक में जीते 2 मैडल
शटलर पीवी सिंधु बैडमिंटन विश्व चैंपियन बनने वाली एकमात्र भारतीय हैं और ओलंपिक खेलों में लगातार दो पदक जीतने वाली भारत की दूसरी व्यक्तिगत एथलीट हैं। सिंधु ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों और 2018 एशियाई खेलों में एक-एक रजत पदक और उबेर कप में दो कांस्य पदक जीते हैं।