फ़ीडे फ्रीस्टाइल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप 2027 फिर वाइसेनहाउस में होगी

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 09:14 PM (IST)

हैम्बर्ग, जर्मनी ( निकलेश जैन ) – अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फ़ीडे ) और फ्रीस्टाइल शतरंज संगठन के बीच हुए समझौते के अनुसार वर्ष 2027 की फिडे फ्रीस्टाइल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप एक बार फिर जर्मनी के वाइसेनहाउस में आयोजित की जाएगी। वर्ष 2026 में पहली बार आधिकारिक रूप से आयोजित इस प्रतियोगिता की सफलता के बाद इसे उसी स्थल पर दोबारा कराने का निर्णय लिया गया है।महिला फ़ीडे फ्रीस्टाइल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप फरवरी 2027 के पहले सप्ताहांत में तीन दिनों तक खेली जाएगी, जबकि ओपन वर्ग की फ्रीस्टाइल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप फरवरी के दूसरे सप्ताहांत में आयोजित होगी। दोनों प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय शतरंज कैलेंडर के अनुरूप निर्धारित किया गया है।वर्ष 2026 में मैग्नस कार्लसन (नॉर्वे) ने खिताब जीता है और फाइनल में फैबियानो कारुआना (अमेरिका) को पराजित किया था। दोनों खिलाड़ी 2027 संस्करण के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं। तीसरे स्थान पर रहे नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव (उज़्बेकिस्तान) को भी सीधा प्रवेश मिला है। महिला वर्ग में 2026 के प्रदर्शनी मुकाबले की विजेता बिबिसारा अस्साउबायेवा (कज़ाख़स्तान) ने 2027 महिला विश्व चैम्पियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।फ़ीडे अध्यक्ष अर्कादी द्वोरकोविच ने कहा कि वाइसेनहाउस में लगातार आयोजन से इस प्रारूप को स्थिरता और संस्थागत मजबूती मिलेगी। आयोजकों के अनुसार यह निर्णय फ्रीस्टाइल शतरंज को विश्व चैम्पियनशिप संरचना में स्थायी पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

क्वालीफिकेशन चक्र का अगला चरण अप्रैल 2026 में जर्मनी में आयोजित होने वाला ग्रेंके फ्रीस्टाइल शतरंज ओपन होगा, जिसे पहली बार आधिकारिक क्वालीफाइंग प्रतियोगिता का दर्जा दिया गया है। देखना होगा की क्या भारत से कोई खिलाड़ी अगले वर्ष विश्व खिताब की दौड़ में शामिल होगा । 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News