कलाई की चोट के कारण अल्काराज बार्सिलोना ओपन से बाहर

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 03:06 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: टॉप सीड Carlos Alcaraz कलाई की चोट के चलते बार्सिलोना ओपन से बाहर हो गए हैं। स्पेन के 22 वर्षीय स्टार खिलाड़ी ने पहले राउंड में जीत दर्ज की थी, लेकिन चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट छोड़ना पड़ा।

 पहले राउंड में मिली जीत, फिर बढ़ी परेशानी

अल्काराज ने अपने पहले मुकाबले में क्वालिफायर ओटो विरटेनन को सीधे सेटों में हराया था। हालांकि, मैच के दौरान ही उनकी कलाई में तकलीफ शुरू हो गई थी, जो बाद में गंभीर साबित हुई।

मेडिकल टेस्ट के बाद लिया फैसला

अल्काराज को गुरुवार को Tomas Machac के खिलाफ खेलना था, लेकिन दाहिनी कलाई के मेडिकल टेस्ट के बाद उन्होंने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया।

उन्होंने कहा, 'मैच के दौरान रिटर्न करते समय लगा कि मेरी कलाई जवाब दे गई है। टेस्ट के बाद पता चला कि चोट हमारी उम्मीद से ज्यादा गंभीर है। मुझे अपने शरीर की सुननी होगी।'

अब रिकवरी पर फोकस

अल्काराज ने बताया कि वह जल्द से जल्द घर लौटकर अपनी टीम—डॉक्टर्स और फिजियो के साथ रिकवरी शुरू करेंगे, ताकि आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स के लिए फिट हो सकें।

नंबर-1 रैंकिंग भी गंवाई

इस सप्ताह की शुरुआत में Jannik Sinner ने उन्हें पछाड़कर दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी का स्थान हासिल कर लिया। अगर अल्काराज बार्सिलोना ओपन जीत जाते, तो उनके पास फिर से नंबर-1 बनने का मौका था।

फ्रेंच ओपन पर नजर

अल्काराज को उम्मीद है कि वह 18 मई से शुरू होने वाले फ्रेंच ओपन से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे। वह लगातार तीसरी बार इस ग्रैंड स्लैम को जीतने की तैयारी में हैं।

हालिया प्रदर्शन

अल्काराज मोंटे-कार्लो मास्टर्स के फाइनल में सिनर से हारने के सिर्फ 48 घंटे बाद बार्सिलोना में खेलने उतरे थे। उन्होंने 2022 और 2023 में बार्सिलोना ओपन जीता था, जबकि 2025 में फाइनल तक पहुंचे थे।

चोट के कारण दूसरी बार बाहर

पिछले तीन सालों में यह दूसरी बार है जब चोट की वजह से अल्काराज को बार्सिलोना ओपन से हटना पड़ा है।

नॉरी तीसरे राउंड में

वहीं Cameron Norrie ने ईथन क्विन को 6-3, 4-6, 6-4 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बना ली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News