DC vs MI : 1077 दिन बाद IPL में लौटे करुण नायर, पावरप्ले में ही ठोकी फिफ्टी
punjabkesari.in Sunday, Apr 13, 2025 - 10:37 PM (IST)

खेल डैस्क : दिल्ली कैपिटल्स की ओर से बतौर इपेक्ट प्लेयर उतरे करुण नायर ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में 206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया। करुण को घरेलू क्रिकेट में बढ़िया प्रदर्शन करने के चलते 1077 दिन बाद आईपीएल में प्रदर्शन करने का मौका दिल्ली कैपिटल्स ने दिया है। करुण ने यह मौका भुनाते हुए महज 22 गेंदों पर ही अर्धशतक जड़ दिया। वह दिल्ली के लिए पावरप्ले में अर्धशतक लगाने वाले मात्र दूसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले जेक फ्रेजर यह कारनामा 2 बार कर चुके हैं। 2024 सीजन में जेक फ्रेजर ने 24 गेंदों पर 78 तो 20 गेंदों पर 50 रन की पारियां खेली थीं। इस दौरान वह पावरप्ले में ही अर्धशतक जमाने में सफल रहे थे।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रदर्शन रहा शानदार
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 में कर्नाटक के स्टार बल्लेबाज करुण नायर ने अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है। नायर ने टूर्नामेंट में 6 पारियों में कुल 255 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 42.5 और स्ट्राइक रेट 177.1 रहा। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक जड़े, जो उनकी निरंतरता और आक्रामकता को दर्शाता है। उनका सर्वोच्च स्कोर 77 रन रहा। नायर की ये शानदार फॉर्म कर्नाटक के लिए महत्वपूर्ण रही और उनकी बल्लेबाजी ने टीम को कई मौकों पर मजबूती प्रदान की।
Taking on the world’s best bowler? @karun126 didn’t hesitate! 👏
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 13, 2025
🗣 “He’s reading Bumrah like a book!” - Harsha Bhogle, on air 🎙
Watch the LIVE action ➡ https://t.co/QAuja88phU#IPLonJioStar 👉 #DCvMI | LIVE NOW on Star Sports Network & JioHotstar! pic.twitter.com/IG6LpKDGWk
टेस्ट में बना चुके तिहरा शतक
नायर भारत के दूसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक (303*) बनाया। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग ऐसा दो बार कर चुके हैं। करुण दुनिया के तीसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने अपनी पहली टेस्ट सेंचुरी को तिहरे शतक में बदला। वह सबसे कम टेस्ट पारियों (3) में तिहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम टीम इंडिया के लिए 6 मैचों में 62 की औसत से 374 रन बनाने का रिकॉर्ड है।
ऐसे चल रहा मुकाबला
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया है। मुंबई की ओर से रियान रिकेल्टन ने 41, सूर्यकुमार यादव ने 40, तिलक वर्मा ने 59 तो नमन धीर ने 37 रन बनाकर स्कोर 5 विकेट खोकर 205 तक पहुंचाया। जवाब में खेलने उतरी दिल्ली की शुरूआत खराब रही। पहली ही गेंद पर जेक फ्रेजर आऊट हो गए। उन्हें दीपक चाहर ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। लेकिन इसके बाद दिल्ली में इंपेक्ट प्लेयर के तौर पर शामिल हुए करुण नायर ने शानदार खेल दिखाया और 22 गेंदों पर फिफ्टी बनाई। करुण ने 40 गेंदों पर 12 चौके और 5 छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर सेंटनर की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने दिल्ली को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया था।