WPL 2026, MI vs DC : हरमनप्रीत–सिवर का कहर, मुंबई इंडियंस ने दिल्ली को 50 रनों से हराया

punjabkesari.in Sunday, Jan 11, 2026 - 09:39 AM (IST)

नवी मुंबई: डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 50 रन से करारी शिकस्त दी। 10 जनवरी को डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्टार ऑलराउंडर नैट सिवर-ब्रंट की विस्फोटक बल्लेबाजी, जबकि अमेलिया केर और निकोला कैरी की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह मुंबई के पक्ष में मोड़ दिया।

MI की पारी: शुरुआती झटकों के बाद हरमनप्रीत–सिवर का तूफान

मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर अमेलिया केर पहली ही गेंद पर गोल्डन डक का शिकार बनीं, जबकि दूसरी ओपनर गुनालन कमलिनी भी अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सकीं। इसके बाद अनुभवी जोड़ी नैट सिवर-ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की।

सिवर-ब्रंट ने 46 गेंदों में शानदार 70 रन बनाए, जबकि हरमनप्रीत कौर ने 42 गेंदों में नाबाद 74 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों के बीच हुई बड़ी साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अंत में निकोला कैरी ने 12 गेंदों में तेज 21 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दिल्ली की ओर से नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट लेकर सबसे प्रभावी गेंदबाजी की।

DC की रन चेज: चिनेल हेनरी की जुझारू पारी बेकार

196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम दबाव में नजर आई और पूरी पारी में लय नहीं पकड़ सकी। चिनेल हेनरी ने जरूर संघर्ष करते हुए 33 गेंदों में 56 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास समर्थन नहीं मिला। निकी प्रसाद 12 रन के साथ दूसरी सबसे बड़ी स्कोरर रहीं, जो दिल्ली की बल्लेबाजी की कमजोरी को दर्शाता है।

मुंबई की गेंदबाजी भी उतनी ही प्रभावशाली रही। निकोला कैरी ने शेफाली वर्मा, लॉरा वोल्वार्ड्ट और मारिज़ान काप जैसे बड़े नामों को आउट करते हुए 3/37 के आंकड़े दर्ज किए। अमेलिया केर ने 3/24 लेकर निचले क्रम को समेटा, जबकि नैट सिवर-ब्रंट ने 2 विकेट झटके। दिल्ली की टीम 19वें ओवर में 145 रन पर सिमट गई।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News