IND vs NZ : छक्कों के बादशाह बन रहे अभिषेक शर्मा, तोड़ा गुरु युवराज सिंह का रिकॉर्ड
punjabkesari.in Wednesday, Jan 21, 2026 - 09:23 PM (IST)
नेशनल डेस्क: नागपुर में खेले गए मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ऐसी पारी खेली, जिसने उनके गुरु युवराज सिंह का सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ नए साल की शुरुआत करते हुए अभिषेक ने पहले ही मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ज्यादा छक्के लगाने के मामले में युवराज से आगे निकल गए।
न्यूजीलैंड ने जीता टॉस, भारत की शुरुआत लड़खड़ाई
वीसीए क्रिकेट स्टेडियम, नागपुर में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत खास नहीं रही और महज 18 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया। हालांकि, दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा पूरी तरह अलग ही मूड में नजर आए और उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की।

महज 22 गेंदों में अर्धशतक, बना बड़ा रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज अर्धशतक है। 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक ने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के जड़े और गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी दिखे।

रिकॉर्ड तोड़ने के लिए चाहिए थे सिर्फ 3 छक्के
इस मुकाबले से पहले अभिषेक शर्मा को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में युवराज सिंह के छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 3 छक्कों की जरूरत थी। पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद को जैसे ही उन्होंने दर्शक दीर्घा में पहुंचाया, युवराज सिंह का रिकॉर्ड टूट गया।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में युवराज सिंह ने 2007 से 2017 के बीच 58 मैचों की 51 पारियों में 74 छक्के लगाए थे। इस दौरान युवराज ने 1177 रन बनाए और 8 अर्धशतक जड़े थे। अब अभिषेक शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके नाम अब इस फॉर्मेट में कुल 81 छक्के दर्ज हो चुके हैं।
रनों के मामले में भी पीछे छूटे युवराज
छक्कों के साथ-साथ अभिषेक शर्मा ने रनों के मामले में भी अपने गुरु युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया है। जहां युवराज ने 51 पारियों में 1177 रन बनाए थे, वहीं अभिषेक ने सिर्फ 33 पारियों में ही 1198 रन बना लिए हैं।

