भारत से मैच न खेलना पड़ेगा भारी, पहले दौर में ही बाहर होगा पाकिस्तान, जानें पूरा समीकरण

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 12:04 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले का बहिष्कार कर खुद को मुश्किल हालात में डाल लिया है। सरकार के निर्देश पर लिया गया यह फैसला अब टीम के लिए भारी पड़ सकता है। ग्रुप ए में मौजूद पाकिस्तान की राह पहले से ही कठिन थी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच न खेलने से सुपर-8 में पहुंचने की उसकी संभावनाओं को बड़ा झटका लगा है।

ग्रुप ए का समीकरण बिगड़ा, हर मैच बना नॉकआउट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया शामिल हैं। हर ग्रुप से सिर्फ दो टीमें सुपर-8 में जगह बनाएंगी।

भारत के खिलाफ मैच से हटने के बाद पाकिस्तान के लिए अब नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ तीनों मुकाबले करो या मरो जैसे हो गए हैं। एक भी चूक सीधे टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा सकती है।

भारत से मैच नहीं खेलना पड़ेगा भारी

अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरता है, तो ICC नियमों के मुताबिक उसे मुकाबला गंवाना पड़ेगा। इसका सबसे बड़ा नुकसान नेट रन रेट (NRR) पर पड़ेगा। पाकिस्तान के खाते में पूरे 20 ओवर गिने जाएंगे, लेकिन रन शून्य माने जाएंगे, जिससे उसका NRR बुरी तरह गिर सकता है। सुपर-8 की रेस में यह फैक्टर निर्णायक साबित हो सकता है।

कोलंबो का मौसम बना नई मुसीबत

पाकिस्तान के लिए मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। कोलंबो में मौसम भी टीम के खिलाफ जाता नजर आ रहा है। गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को बारिश की संभावना जताई गई है।

पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबला सुबह 11 बजे शुरू होना है। अगर बारिश के कारण मैच छोटा हुआ, तो इसका फायदा नीदरलैंड्स जैसी टीम को मिल सकता है। छोटे मुकाबलों में कमजोर टीमें उलटफेर करने में ज्यादा सक्षम होती हैं। पाकिस्तान को अपने सभी ग्रुप मैच कोलंबो में ही खेलने हैं, जिससे मौसम का असर और बढ़ जाता है।

अमेरिका और नामीबिया भी नहीं आसान

पाकिस्तान अपना दूसरा ग्रुप मुकाबला 10 फरवरी 2026 को अमेरिका के खिलाफ और आखिरी मैच 18 फरवरी 2026 को नामीबिया के खिलाफ खेलेगा। इन दोनों मैचों में बारिश की संभावना कम है, लेकिन चुनौती कम नहीं।

अमेरिका ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में सुपर ओवर में पाकिस्तान को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। हाल ही में इंडिया ए के खिलाफ 200 रन बनाकर अमेरिका ने अपने फॉर्म का संकेत भी दे दिया है। वहीं नामीबिया को भी इस फॉर्मेट में हल्के में नहीं लिया जा सकता।

नीदरलैंड्स और अमेरिका बने डार्क हॉर्स

पाकिस्तान के लिए खतरा इसलिए भी बड़ा है क्योंकि नीदरलैंड्स और अमेरिका दोनों ही टीमें बड़े उलटफेर कर चुकी हैं। नीदरलैंड्स ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था और 2009 में इंग्लैंड को भी मात दी थी। वहीं अमेरिका 2024 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को हराकर इतिहास रच चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News