टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत को राहत, वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर आई बड़ी अपडेट

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 05:12 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस को लेकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ी खबर सामने आई है। जनवरी की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान पसली में चोट लगने के बाद से सुंदर मैदान से बाहर हैं, लेकिन अब उनकी रिकवरी तेजी से आगे बढ़ रही है।

26 वर्षीय सुंदर टी20 वर्ल्ड कप से पहले फिट होने की दौड़ में हैं और भारतीय टीम मैनेजमेंट को उनसे काफी उम्मीदें हैं। वह टूर्नामेंट के लिए घोषित भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं।

रिहैब में दिखी तेज़ प्रगति

मिली जानकारी के मुताबिक, वॉशिंगटन सुंदर ने अब तक बिना किसी परेशानी के चार बल्लेबाजी सत्र पूरे कर लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने 2 फरवरी को चार ओवर गेंदबाजी भी की। 4 फरवरी को उनका एक और बॉलिंग सेशन तय है, जिसके जरिए यह परखा जाएगा कि वह मैच के दबाव को झेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं या नहीं।

सूर्यकुमार यादव ने दी पॉजिटिव अपडेट

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी सुंदर की फिटनेस को लेकर उम्मीद जताई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मैच के बाद उन्होंने कहा, 'वॉशी काफी अच्छा कर रहे हैं। उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी लगभग शुरू कर दी है और रिकवरी के संकेत सकारात्मक हैं। उम्मीद है कि वह जल्द ही मैदान पर लौटेंगे।'

टी20 इंटरनेशनल में सुंदर का रिकॉर्ड

वॉशिंगटन सुंदर भारत की टी20आई टीम का अहम हिस्सा बन चुके हैं। मैच: 58, रन: 254, विकेट: 51, उनका अनुभव और ऑलराउंड क्षमता टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में भारत के लिए बेहद अहम साबित हो सकती है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत का ग्रुप और पहला मैच

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को ग्रुप A में रखा गया है, जहां उसका सामना नामीबिया, नीदरलैंड, पाकिस्तान और अमेरिका से होगा। भारतीय टीम 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।

भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News