MI vs CSK, IPL 2024 : रोहित का शतक बेकार, मुंबई ने वानखेड़े में चेन्नई से गंवाया मुकाबला

punjabkesari.in Sunday, Apr 14, 2024 - 11:28 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : वानखेड़े में रनों का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स से हार झेलनी पड़ी। मैच में चेन्नई ने पहले खेलते हुए ऋतुराज गायकवाड़ के 69 तो शिवम दुबे के 66 रनों की बदौलत 206 रन बनाए थे। इस दौरान दर्शकों को धोनी की 4 गेंदों पर 20 रन की रोमांचक पारी भी देखने को मिली थी। जवाब में खेलने उतरी मुंबई इंडियंस की ओर से केवल रोहित शर्मा और तिलक वर्मा ही रन बना पाए। रोहित शर्मा ने शतक लगाया लेकिन यह टीम के काम नहीं आया। चेन्नई की ओर से पथिराना ने 28 रन देकर 4 विकेट लीं और मुंबई को जीत से दूर कर दिया। चेन्नई ने 20 रन से यह मुकाबला अपने नाम किया। 

 


चेन्नई सुपर किंग्स : 206/4 (20 ओवर)

टीम की शुरूआत खराब रही। क्योंकि ओपनिंग पर आए अजिंक्य रहाणे 5 रन बनाकर आऊट हो गए। लेकिन इसके बाद रचिन और कप्तान ऋतुराज ने टीम को संभाला। रचिन 16 गेंदों पर 21 रन बनाकर आऊट हुए। इसके बाद गायकवाड़ ने शिवम दुबे के साथ पारी को आगे बढ़ाया। चेन्नई के कप्तान लय में दिखे। वह आज ओपन की बजाए फर्स्ट डाउन आए थे। उन्होंने 40 गेंदों पर 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने मोर्चा संभाला और कुछ बड़े शॉट लगाए। दुबे ने जहां 38 गेंदों पर 10 चौके और 2 छक्कों की मदद से 66 रन बनाए तो वहीं, डेरिल मिशेल ने 17 रनों का योगदान दिया। आखिरी ओवर में मैदान पर उतरे धोनी के लिए दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। धोनी ने इसी मैदान पर छक्का लगाकर भारत को 2011 विश्व कप फाइनल मैच जिताने में मदद की थी। उन्होंने पहली 3 गेंदों पर छक्के जड़ दिए। बहरहाल, चेन्नई ने 206 रन बना लिए हैं। मुंबई की ओर से जेराल्ड कोइट्जी ने 1, श्रेयस गोपाल ने 1 तो हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट लिए।

 

 

मुंबई इंडियंस : 186/6 (20 ओवर)

जवाब में खेलने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरूआत अच्छी रही। रोहित और ईशान ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। ईशान 15 गेंदों पर 23 रन बनाकर आऊट हो गए। इसी ओवर में सूर्यकुमार यादव भी 0 पर आऊट हो गए। उन्हें भी पथिराना ने शिकार बनाया। हालांकि इसके बाद रोहित ने ताबड़तोड़ शॉट लगाते हुए अपनी फिफ्टी पूरी की। रोहित ने ट्वंटी 20 क्रिकेट में 500 छक्के भी पूरे कर लिए। उनका साथ तिलक वर्मा देते नजर आए। टिम डेविड 5 गेंदों पर 13 तो रोमारियो 1 रन बनाकर आऊट हुए तो इससे रोहित पर भी दबाव बन गया। रोहित ने 63 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से 105 रन जरूर बनाए लेकिन यह उनकी टीम के लिए काम नहीं आ सके। मुंबई की यह सीजन में चौथी हार है।


 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

चेन्नई सुपर किंग्स : रचिन रवींद्र, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, डेरिल मिशेल, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, समीर रिजवी, एमएस धोनी (डब्ल्यू), शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, मुस्तफिजुर रहमान

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, मोहम्मद नबी, रोमारियो शेफर्ड, श्रेयस गोपाल, गेराल्ड कोएत्ज़ी, जसप्रित बुमरा, आकाश मधवाल

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News