धोनी की चाल में फंस गए रोहित, बना बैठे IPL इतिहास का सबसे खराब रिकाॅर्ड (VIDEO)
punjabkesari.in Saturday, May 06, 2023 - 05:10 PM (IST)

स्पोर्ट्स डैस्क : आईपीएल 2023 के 49वें मैच में महेंद्र सिंह धोनी की चालाकी के आगे मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा की एक नहीं चली। कप्तान धोनी ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को खराब शुरुआत मिली। इस बार रोहित शर्मा खुद ओपनिंग के लिए नहीं आए, बल्कि इशान किशन (7) के साथ कैमरुन ग्रीन (6) को उतारा, लेकिन वह भी सस्ते में निपट गए। वहीं जब तीसरे नंबर पर रोहित आए तो वह धोनी की चाल का शिकार होकर खुद भी बिना खाता खोले जल्दी पवेलियन चले गए।
धोनी ने चली चाल
रोहित इस सीजन में कुछ खास नहीं कर पाए। दवाब साफ उनपर नजर आता दिखा। पारी के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर दीपक चाहर ने पहले किशन को आउट किया। फिर क्रीज पर रोहित आए तो धोनी ने उनपर लगाम कसने के लिए चाल चली। यह चाल थी रोहित पर शुरूआत में ही दवाब डालने की। धोनी ने फील्डिंग ऊपर लगा दी। उन्होंने एक फिल्डर स्लिप में, एक शॉर्ट थर्ड और एक फील्डर बैकवर्ड पॉइंट पर तैनात कर दिया। साथ ही खुद विकेट के पीछे नजदीक खड़े हो गए। धोनी का यह अंदाज हैरान कर गया, क्योंकि तेज गेंदबाज के खिलाफ विकेटकीपर उस समय विकेट के बिल्कुल नजदीक खड़ा होता है जब मैच फंसा हो या फिर बल्लेबाज को सिंगल रन लेने के लिए रोकना हो, लेकिन धोनी के माइंड में जल्दी से जल्दी रोहित को समेटने का प्लान था जो फिर सफल भी हो गया।
बना बैठे IPL इतिहास का सबसे खराब रिकॉर्ड
रोहित शुरूआती दो गेंदों पर रन नहीं चुरा सके। फिर ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने स्कूप शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद हवा में जाकर सीधी बैकवर्ड पॉइंट से आए जडेजा के हाथों में चली गई। इसी के साथ रोहित 3 गेंदों में बिना खाता खोले पवेलियन चले गए। साथ ही उनके नाम आईपीएल इतिहास का सबसे खराब रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दरअसल, आईपीएल इतिहास में रोहित 16वीं बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं, जोकि किसी भी बल्लेबाज के द्वारा सबसे ज्यादा है। आईपीएल का यह घटिया और अनचाहा रिकॉर्ड अब रोहित शर्मा के नाम हो गया है। उनके बाद दिनेश कार्तिक सुनील नरेन और मंदीप सिंह के नाम 15 बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड सयुंक्त रूप से है, तो अम्बाती रायडू के नाम भी 14 बार शून्य पर आउट होने का आईपीएल रिकॉर्ड है। रोहित ने आईपीएल में कुल 237 मैच खेले हैं जिसमें वह 16 बार बिना रन बनाये आउट हुए हैं।
An MSD Masterclass ✨#TATAIPL | #CSKvMI
— IndianPremierLeague (@IPL) May 6, 2023
Relive the tactical move from the @ChennaiIPL Captain to dismiss Rohit Sharma 🎥🔽https://t.co/r1Fe7eqO2J
बता दें कि रोहित शर्मा के लिए यह आईपीएल खराब गया है। अभी तक हुए 10 मुकाबलों में उन्होंने कुल 184 रन बनाए हैं, जिसमें दो बार वह जीरो पर आउट हुए हैं। पिछले मैच में भी रोहित शर्मा शून्य पर आउट हुए थे। उनके बल्ले से इस बार सिर्फ एक ही अर्धशतक आया है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 65 रनों की पारी खेली थी और टीम को जीत दिलाई थी। रोहित शर्मा का खराब फॉर्म मुंबई इंडियंस टीम की सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है।