पृथ्वी शॉ ने शतकीय पारी में जड़े 13 चौके और नौ छक्के, मुंबई ने असम को हराया
punjabkesari.in Friday, Oct 14, 2022 - 10:03 PM (IST)

राजकोट : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया एकदिवसीय श्रृंखला की टीम में जगह नहीं मिलने पर निराशा जताने वाले सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने 61 गेंद में 134 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली जिससे मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में शुक्रवार को यहां असम को 61 रन से शिकस्त दी। ग्रुप ए के इस मैच में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर मुंबई ने 3 विकेट पर 230 रन बनाने के बाद असम की पारी को 19.3 ओवर में 169 रन पर समेट दी।
पृथ्वी शॉ ने सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अपनी पारी में 13 चौके और नौ छक्के जड़े। उन्होंने यशस्वी जायसवाल (30 गेंद में 42 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी की। उन्होंने महज 19 गेंद में अर्धशतक और फिर 46 गेंद में अपना सैकड़ा पूरा किया। पृथ्वी शॉ ने इससे पहले मध्यप्रदेश के खिलाफ 29 और मिजोरम के खिलाफ नाबाद 55 रन की पारी खेली थी। इस 22 साल के खिलाड़ी ने जुलाई 2021 में पिछली बार राष्ट्रीय टीम का श्रीलंका के खिलाफ प्रतिनिधित्व किया था।
लक्ष्य का पीछा करते हुए असम के लिए रज्जाकुद्दीन अहमद ने सबसे ज्यादा 26 गेंद में 39 रन बनाए। इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले रियान पराग ने 10 गेंद में 28 रन बनाए। मुंबई के लिए तुषार पांडे ने 25 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि शम्स मुलानी, अमन हकीम खान और तनुश कोटियान ने दो-दो विकेट झटके। ग्रुप के अन्य मैच में उत्तराखंड ने मध्यप्रदेश को 50 रन से हराया। उत्तराखंड ने दो विकेट पर 194 रन बनाने के बाद मध्यप्रदेश की पारी में 144 रन पर समेट दिया।